Add To collaction

विस्तार : सीक्रेट ऑफ डार्कनेस (भाग : 21)



अंधेरे के इस विशाल साम्राज्य में स्वयं को ईश्वर का उत्तराधिकारी घोषित कर उस पद को हासिल करने के लिए युद्ध का आगमन हो चुका था। दोनों ही पक्ष से हर एक योद्धा अपने छल-कपट एवं अंधेरे की महान कलाओं का ज्ञाता था। दोनों के ही पक्षधर वीभत्सता के चरम सीमा तक पहुँचे हुए थे, इस युद्ध में दया, धर्म और न्याय जैसे तत्वों का दूर-दूर तक से कोई सम्बन्ध नही होने वाला था।

दोनों ही पक्ष अपने अपने दल की महान शक्तियों के साथ युद्ध के लिए तैयार हो रहा था, आज अंधेरे का यह युद्ध भले ही अपने ईश्वर के उत्तराधिकारी का निर्णय कर दे या न कर सके। परन्तु विस्तार के कारण अंधेरी दुनिया, अब उजाले की दुनिया से जुड़ चुकी थी, यहां होने वाले इस भयानक युद्ध का परिणाम उजाले में काफी दूर तक स्पष्टया दृष्टिगोचर होगा।

◆◆◆

"सचमुच पुत्र! तुमने तो विस्तार ही कर दिया मेरे साम्राज्य का!" नराक्ष, विस्तार की प्रसंसा करते हुए उसके गले लगते हुए बोला। उसकी आँखों में धूर्तता नृत्य कर रही थी, विस्तार की लाल आँखे चमक रही थी।

"यह तो आरम्भ मात्र है स्वामी! अब चारों ओर आपके नाम का ही आतंक होगा।" विस्तार हँसते हुए बोला, उसका स्याह चेहरा क्रूरता से दमक रहा था।

"अब इसका अवसर शेष नही है विस्तार! उनके पास भी अंधेरे के गुप्त एवं महाशक्तिशाली जीव हैं। अब उसने युद्ध का ऐलान कर दिया है।" वीर कक्ष में प्रवेश कर दोनों के समक्ष झुकते हुए बोला। वैसे तो वह मात्र नराक्ष को हो सम्मान दे रहा था।

"हमारे पास अंधेरे की चाभी है, अब कोई भी हमें नही रोक सकता।हाहाहा…." नराक्ष अट्ठहास करता हुआ बोला।

विस्तार आगे बढ़ते हुए हवा में उठते हुआ बोला "यदि उन्हें युद्ध चाहिए तो हम उन्हें युद्ध ही देंगे स्वामी! अब अंधेरे के ईश्वर पद के एकमात्र उत्तराधिकारी सिर्फ आप होंगे।" विस्तार अपनी मुठ्ठियां भींचे खड़ा था, उसके शरीर में स्याह तरंगे, लहरों की भांति दौड़ रही थीं।

"अवश्य विस्तार!" नराक्ष, विस्तार से सहमति प्रकट करते हुए हँसकर बोला। "तुम और सुपीरियर लीडर मिलकर शीघ्रता से अपनी महान सेना का पुनः एकत्रीकरण करो और फिर हम उस ग्रेमन के साम्राज्य पर धावा बोलेंगे।" नराक्ष दहकते हुए स्वर में बोला, विस्तार रूपी विशुद्ध स्याह ऊर्जा के स्त्रोत के द्वारा अब वह अपने मकसद में कामयाब होने की तैयारियों में जुट गया।

■■■

" डार्क गार्ड्स की सेना तैयार हो चुकी है स्वामी! मैत्रा की संयोजक शक्ति द्वारा हमने एक नई विशाल सेना बनाई है जिसका नाम डेड डीमन्स रखा गया है। डार्क फेयरीज़ और मैत्रा द्वारा बनाये गए इन खतरनाक जीवों की  शक्तिशाली सेना को रोक पाना सुपीरियर आर्मी के बस का नही है।" अपने जलती हुई खोपड़ी पर क्रूर विजयी मुस्कान डार्क लीडर, ग्रेमन से बोला।

"पिछली बार हम मात खा गए डार्क लीडर क्योंकि हम असावधान थे। पर अब ऐसा नही होगा, नराक्ष तैयार हो जा तेरा काल आ रहा है।" ग्रेमन क्रोध से भड़क रहा था, उसे युद्ध की बहुत ही जल्दी थी।

"तो क्या हम आमने सामने युद्ध करने वाले हैं?" मैत्रा, डार्क फेयरीज़ से पूछी।

"आमने सामने से युद्ध करना उजाले का नियम है मैत्रा! हम अन्धेरे से जन्मे हुए हैं हमारे लिए कोई नियम नही होता।" ऐश हवा में थोड़े ऊपर उठती हुई बोली, उसकी सुर्ख आँखें चमक रही थी।

"यह तो मैं जानती हूँ परन्तु स्वामी को इतनी शक्तियों के होते हुए भी सेना क्यों चाहिए?" मैत्रा स्याह ऊर्जा को जोड़ने का कार्य करती थी परन्तु उसे यह समझ नही आ रहा था।

"यह तो केवल स्वामी ही जानते होंगे कि वे क्या विचार रहे हैं!" आँच, ग्रेमन के सम्मुख जाकर बोली।

"यह युद्ध मेरे या नराक्ष के अस्तित्व के समाप्ति के साथ ही अंत होगा फेयरीज़! इसलिए सेना की तैयारी करना अतिआवश्यक है।" ग्रेमन धूर्तता से आँखे चमकाते हुए बोला। उसके रग रग में बहता हुआ स्याह लहू, नराक्ष से अपनी हर एक हार का प्रतिशोध लेने के लिए फड़क रहा था।

"अंधेरे का ईश्वर यानी मैं! तुम सभी डेड डीमन और डार्क गार्ड्स का स्वामी! तुम्हें आदेश देता हूँ कि नराक्ष के साम्राज्य को नष्ट कर दो और उसे मेरे युद्ध का ऐलान सुना दो।" अपनी बांहों को फैलाते हुए ग्रेमन जोर से चिल्लाया। उसके सींगों से ऊर्जा की धार वहां के छत को तोड़ती हुई ऊपर की ओर निकल गयी।

■■■

नराक्ष की सुपीरियर आर्मी अपने सेनाध्यक्ष के नेतृत्व में गुप्त रूप से ग्रेमन के साम्राज्य की ओर बढ़ने लगी। अंधेरी दुनिया में यह रास्ता खौलते लावे के दलदल से होकर गुजरता था, एक पतला रास्ता जिसपर एक साथ एक ही सैनिक चल सकता था। सुपीरियर लीडर ने अपने हाथ में थमें विचित्र हथियार को उसपर पटक दिया जिस कारण वह पतला पुल चौड़ा होने लगा। कुछ ही देर बाद वहां एक मैदान तैयार था, खौलते लावे का कहीं कोई नामोनिशान तक न दिख रहा था।

"आगे बढ़ो साथियों! आज तुम्हें अपने स्वामी नराक्ष के प्रति अपनी भक्ति दिखाने का अवसर प्राप्त हुआ है। तुम उन्हें दिखा दो की ग्रेमन की औकात हमारे सामने कुछ भी नही है।"  आगे आगे बढ़ते हुए सुपीरियर लीडर अपने सैनिकों में जोश भरता हुआ बोला।

"मृत्यु कोई सत्य नही है! तुम सब अमर हो और आज तुम्हारे पास अंधेरे महान शक्तियों की कुंजी है चलो आगे बढ़ो और आतंक मचा दो।" सुपीरियर लीडर चीख-चीखकर जोश भर रहा था।

"हम एक एक की जलती आग बुझा देंगे!" सुपीरियर आर्मी का हरेक सैनिक अपनी पूरी ताकत से चीखते हुए बोला। उनका यह शोर सुनकर आसपास स्थित पहाड़ भी कांपने लगे।

"हमारे ईश्वर नराक्ष की जय….!" सुपीरियर लीडर अपने हथियार को पटकते हुए बोला। अब तक उसकी सारी सेना उस स्थान से आगे जा चुकी थी जहाँ दहकता लावा था। उस हथियार के पुनः पटके जाने से वहां से चौड़ा हुआ पुल दोनों ओर से सिमटने लगा। चारों ओर नराक्ष के जय-जयकार की ध्वनि गूंज रही थी।

"अब तुम्हारे पास वापस जाने मात्र एक ही रास्ता है, ग्रेमन के साम्राज्य को तहस नहस कर दो और उस ग्रेमन को स्वामी के चरणों मे पटक दो।" सुपीरियर लीडर अपने हाथ में पकड़े हुए उस अस्त्र को तोड़ते हुए कहता है, उसकी लाल आँखे चमक रही थी, भिन्न-भिन्न प्रकार के जीवों से बनी सुपीरियर आर्मी उस स्थान पर खड़ी थी जहां सदियों से कोई नही आया था। अंधेरे का युद्धस्थल! जो ग्रेमन और नराक्ष क साम्राज्य को पृथक करता था, अंधेरे की अद्भुत शक्तियों को जोड़े रखता था ताकि अंधेरे और उजाले का सामंजस्य बना रहे।

"यह स्थान हमारे लिए कुछ नियम बनाता है साथियों! पर हम इसके नियमों का अनुसरण नही करेंगे, हमारे लिये एक ही नियम है जो जितना वीभत्सता फैला सकता है फैलाये, आतंक की इस दुनिया में तुम्हारा स्वागत है!" सुपीरियर लीडर जोश से गरजते हुए बोला। उसके भाषणों को सुनकर सेना में जोश भरता जा रहा था, वहां के आसमान पर स्याह बादल छाने लगे थे।

■■■

"अगर तुम्हें अब भी जीना है तो जीतना होगा, स्वामी ग्रेमन को हार शब्द से सख्त नफरत है।" डार्क लीडर अपने डार्क गार्ड्स को समझाते हुए बोला।

"यह बात हम जानते हैं लीडर! बस हमें ये जानना है कि डेड डीमन्स हमारे साथ इस युद्ध में क्यों नही चल रहे?" एक गॉर्ड ने पूछा।

"यहां किसी को कोई प्रश्न पूछने का अधिकार नही है मूर्ख!" कहते हुए लीडर ने अपनी मुट्ठियों को उसकी ओर करके कसकर भींच दिया, अगले ही पल उस गार्ड की जलती खोपड़ी बुझ गयी वह तड़पते हुए धूल में मिल गया।

"यहां कोई प्रश्न नही होते हैं गार्ड्स!" डार्क लीडर आगे आगे चलते हुए बोला। सामने एक गहरी खाई थी जिसे पार करने के लिए पतले डोर सा मार्ग था, उस खाई में नीचे से नुकीले बर्फीली चट्टानी थी, वहां नीचे गिरने का अर्थ था जल रही लपटों को बुझाकर स्वयं के लिए एक निश्चित अंत को आमंत्रित करना।

डार्क लीडर उस पतले मार्ग पर खड़ा हुआ, उसके हाथों में कुछ गोल सा था जिसे उसने उस पतले मार्ग पर पटक दिया अचानक वहां की वह जमीन फैलकर चौड़ा होने लगी, थोड़ी ही देर में वह मार्ग चौड़ा होकर बर्फ़ीली चट्टानों को ढक चुका था।

"महान ग्रेमन को अंत स्वीकार है परन्तु हार नही! यदि तुमने नराक्ष के समक्ष घुटने टेके तो नष्ट कर दिए जाओगे!" डार्क लीडर आगे आगे बढ़ता हुआ बोला। उसकी सेना उसके पीछे पीछे चल रही थी परन्तु उनमे कोई जोश नही था, कोई उत्साह नही था। डार्क लीडर उत्तेजित स्वर में बड़बड़ाते एवं ग्रेमन की जयकारा लगाते हुए उस पार की भूमि पर पहुँच गया, उसके साथ हजारों सैनिकों की भीड़ भी वहां पहुंच गई, वह पीछे मुड़ा और सेना को चीरकर उस संकरे मार्ग के पास पहुँचा।

"अब वापस जाने का बस एक ही मार्ग है, क्योंकि अब कोई मार्ग नही है।" कहते हुए वह उस गोल वस्तु को मार्ग पर पटक दिया, उसकी लपटें तेज होती जा रही थीं, वह मार्ग जैसे फैलकर चौड़ा हुआ था वैसे ही सिमटकर संकरा होने लगा। वहां की विस्तृत भूभाग के बीचोंबीच एक ऊँचा स्तम्भ बना हुआ था जिसके ऊपर ओमेगा चिन्ह बना हुआ था।

तभी अचानक डार्क लीडर को महसूस हुआ कि वहां की भूमि पर उसके अलावा भी कोई है। सभी सावधानी से बढ़ने लगे, उनके समक्ष सुपीरियर लीडर के नेतृत्व में विशाल सुपीरियर आर्मी खड़ी थी।

"सुपीरियर लीडर तुम यहाँ…!" डार्क लीडर आश्चर्यचकित होकर बोला, साथ ही अपने ऊर्जा को हाथो में समेटे लड़ने को तैयार हो गया।

क्रमशः...


   10
4 Comments

Kaushalya Rani

25-Nov-2021 10:15 PM

Very nice

Reply

Farhat

25-Nov-2021 06:34 PM

Good

Reply

🤫

22-Jul-2021 02:07 PM

nice.....!

Reply

Thank you

Reply